० भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का चाँपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन के लिए 755 करोड़ रुपए की स्वीकृति पर जताया आभार
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने केंद्र सरकार द्वारा चाँपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए 755 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। श्री देव ने इस सौगात के लिए छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त कर कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के इन्फ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढाँचे) को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। चाँपा-कोरबा रेल मार्ग छत्तीसगढ़ के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण रेल खण्डों में से एक है। इस मार्ग पर तीसरी लाइन के निर्माण से क्षेत्र के विकास को एक नई दिशा मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि कोरबा छत्तीसगढ़ की ऊर्जा और औद्योगिक राजधानी है। तीसरी रेल लाइन बनने से कोयले, बिजली उत्पादन सामग्री और अन्य भारी उद्योगों के कच्चे माल का परिवहन बेहद आसान हो जाएगा। इससे उद्योगों की क्षमता बढ़ेगी और नए निवेश के रास्ते खुलेंगे। वर्तमान में इस रूट पर मालगाड़ियों के भारी दबाव के कारण यात्री ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित होती है। तीसरी लाइन बनने से ट्रेनों के परिचालन में सुगमता आएगी, नई यात्री ट्रेनें शुरू करने का मार्ग प्रशस्त होगा और यात्रियों को समय की पाबंदी व आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। इस परियोजना से माल ढुलाई और यात्री परिवहन की क्षमता दोगुनी हो जाएगी। ट्रेनों को आउटर पर रुकने की समस्या से मुक्ति मिलेगी, जिससे परिवहन में लगने वाले समय और लागत में भारी कमी आएगी। श्री देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार होने का लाभ प्रदेश की जनता को हर क्षेत्र में मिल रहा है। केंद्र सरकार का यह निर्णय छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने के संकल्प को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगा।