रायपुर। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनः परीक्षा के सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने रायपुर जिले के 11 प्रमुख परीक्षा केंद्रों का दौरा किया, जिनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सेरीखेड़ी, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल उपरवारा, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फॉरेस्ट कॉलोनी (अभनपुर रोड, माना बस्ती), शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक शाला माना कैंप, मिंटू शर्मा स्मृति हायर सेकेंडरी स्कूल डुमरतराई, माधवराव सप्रे उच्चतर माध्यमिक शाला बुढ़ापारा, जे.आर. दानी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालीबाड़ी, संत कंवरराम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला कटोरा तालाब, शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ कॉलेज बैरन बाजार तथा प्रो. जे.एन. पांडे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नलघर चौक शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में परीक्षार्थियों को असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालय और बैठने की सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग (तलाशी प्रक्रिया) खुले स्थानों पर न कराकर शेड या छायादार स्थानों पर की जाए, ताकि उन्हें मौसम की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम और व्यवस्थित रखा जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
री-नीट परीक्षा को लेकर रायपुर जिले में कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा से जुड़े सभी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं।
इस दौरान रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा, जिला पंचायत के सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीसीपी मयंक गुर्जर, डीसीपी उमेश कुमार गुप्ता, डीसीपी संदीप कुमार पटेल, एसडीएम नंदकुमार चौबे, एसडीएम अभनपुर रवि सिंह, एडीसीपी राहुल देव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रशांत शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर उपेन्द्र किंडों सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।