10 लाख की लूट का खुलासा, कंपनी का कर्मचारी निकला साजिशकर्ता

रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हुई 10 लाख रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि वारदात की पूरी साजिश उसी कंपनी के एक कर्मचारी ने रची थी, जिसकी रकम लूटी गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई अधिकांश रकम बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार, समता कॉलोनी निवासी कारोबारी अतुल अग्रवाल की निर्माण कंपनी का प्रोजेक्ट नया रायपुर के सेक्टर-26 में संचालित है।  मजदूरों के भुगतान के लिए कंपनी के कर्मचारी विद्यासागर डहरिया को 10 लाख रुपये नकद सौंपे गए थे। वह मोटरसाइकिल से रकम लेकर नया रायपुर जा रहा था, तभी सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के पास दो युवकों ने उसे रोककर चाकू की नोक पर रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीम गठित की। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा मंदिर हसौद थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान कंपनी के कर्मचारियों की भूमिका भी खंगाली गई। इसी क्रम में कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में कार्यरत दिनेश राव की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पूछताछ में उसके बयान लगातार बदलते रहे, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। साक्ष्यों के आधार पर की गई पूछताछ में उसने पूरी वारदात की योजना स्वीकार कर ली।

पुलिस के मुताबिक, दिनेश राव पिछले चार वर्षों से कंपनी में काम कर रहा था और उसे नकदी के आवागमन की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए उसने करीब एक माह पहले लूट की साजिश तैयार की। उसने अपने भाई और उसके एक परिचित को भी इस योजना में शामिल कर लिया था।

वारदात के दिन कर्मचारी विद्यासागर के कार्यालय से निकलते ही दिनेश ने उसका पीछा किया और मोबाइल के जरिए अपने साथियों को उसकी लोकेशन और पहचान की जानकारी देता रहा। इसके बाद आरोपियों ने रास्ते में उसे रोककर नकदी से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी अमलेश्वर क्षेत्र में मिले, जहां लूटी गई रकम का बंटवारा किया गया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश राव की निशानदेही पर 9 लाख 70 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त बर्गमैन स्कूटर और मोबाइल फोन जब्त किया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 10.80 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय दिनेश राव निवासी गंजाम, ओडिशा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रायपुर में रहकर नौकरी कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल उसके भाई और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि दोनों फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *