सुशासन तिहार के बाद सीएम हेल्पलाइन से जनता की समस्याओं का हो रहा त्वरित समाधान : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

0 कांग्रेस को जनसमस्याओं से कोई सरोकार नहीं, इसलिए केंद्र और कई राज्यों में भाजपा की सुशासन तिहार : डिप्टी सीएम अरुण साव

0 “महात्मा गांधी से राहुल गांधी की तुलना दुर्भाग्यपूर्ण, कांग्रेस देशवासियों से मांगे माफी”

0 गांधी सरनेम लगाने से कोई महात्मा गांधी नहीं बन जाता, कांग्रेसी देशवासियों से मांगें माफी : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश की सुशासन सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  की गारंटी को जमीन पर उतारते हुए जनता का विश्वास मजबूत किया है। सुशासन तिहार के बाद मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसे माध्यमों से लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को यह भरोसा मिला है कि सरकार उनकी बात सुनती है और समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए भी लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि कांग्रेस को जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं से कोई सरोकार नहीं है। जिन लोगों ने वर्षों तक जनता की अनदेखी की है। आज जनभावनाओं को समझने का ज्ञान बांटते फिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदें कांग्रेस से कभी नहीं रही हैं, इसलिए लोग अपनी समस्याओं और सुझावों के साथ साय सरकार के पास आ रहे हैं। सरकार भी पूरी संवेदनशीलता के साथ लोगों की बात सुनकर उनका समाधान कर रही है।

श्री साव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के ड्रॉपआउट रेट को कम करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण, नियमित पैरेंट-टीचर मीटिंग, स्कूलों में अधोसंरचना विकास जैसे अनेक कदम उठाए गए हैं। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में भी दिखाई दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।

उप मुख्यमंत्री साव ने राहुल गांधी की तुलना महात्मा गांधी से किए जाने संबंधी कांग्रेस नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महात्मा गांधी का देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है, जबकि राहुल गांधी का ऐसा कोई योगदान दिखाई नहीं देता। राहुल गांधी राजनीति में पूरी तरह से असफल है। जिनके हर अभियान के बाद कांग्रेस को नुकसान ही होता है और उसकी तुलना महात्मा गांधी से करना बहुत दुर्भाग्यजनक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की तुलना के लिए कांग्रेस नेताओं को देशवासियों और महात्मा गांधी के सम्मान में सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *