आंतरिक सुरक्षा, राष्ट्रीय स्वाभिमान और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के ऐतिहासिक 12 वर्ष – लता उसेंडी

० इन 12 वर्षों में दुनिया ने ‘एक सशक्त और नए भारत’ का उदय देखा है – उसेंडी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेंडी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्षों को राष्ट्रीय सुरक्षा, अखंडता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान का अद्वितीय कालखंड बताया है। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में दुनिया ने ‘एक सशक्त और नए भारत’ का उदय देखा है, जो अपनी सीमाओं की रक्षा करना भी जानता है और वैश्विक मंचों पर अपनी शर्तों पर बात करना भी।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि मोदी सरकार ने दशकों से लम्बित और देश की सम्प्रभुता से जुड़े साहसिक निर्णय लिए हैं। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 का खात्मा कर देश में ‘एक विधान, एक प्रधान और एक निशान’ की व्यवस्था पूर्ण रूप से लागू की गई। तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर मुस्लिम बहनों को सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिला। 500 वर्षों के लंबे इंतजार और संघर्ष के बाद अयोध्या में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण और रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा इसी कार्यकाल की वो ऐतिहासिक सिद्धि है, जिसे सदियों तक याद रखा जाएगा। आंतरिक सुरक्षा और छत्तीसगढ़ के परिप्रेक्ष्य पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के कारण आज देश में आतंकवाद और नक्सलवाद आखिरी साँसें गिन रहा है। माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार मिलकर विकास और सुरक्षा के नए आयाम स्थापित कर रही है। चाहे सर्जिकल स्ट्राइक हो या वैश्विक कूटनीति में ‘इंडिया फर्स्ट’ की नीति, पीएम मोदी ने वैश्विक पटल पर हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा किया है। 12 वर्षों का यह कार्यकाल नए, समर्थ और सुरक्षित भारत की कहानी बयाँ करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *