रायपुर। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र नर्सिंग स्टॉफ की इजराईल में भर्ती विज्ञापन पर सवाल खड़ा करते हुए प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने पूछा स्वास्थ्य मंत्री बताये क्या छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पतालों,जिला अस्पताल,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,सामुदायिक अस्पताल में नर्सिंग स्टॉफ की आवश्यकता नही है?सरकारी संस्थानो में पर्याप्त संख्या में नर्सिंग स्टॉफ है? इसलिये प्रदेश से 3500 नर्सिंग स्टाफ को इजराईल में भेजने भर्ती विज्ञापन निकाला गया है?अभी युद्ध की परिस्थितियों के कारण खाड़ी देशों में पढ़ने एवं नोकरी करने गए लोग वतन वापस लौट रहे है। ऐसे में सरकार प्रदेश के नर्सिंग स्टाफ को इजराईल भेजने कैसे तैयार हो गई?सरकार का यह विज्ञापन नर्सिंग स्टॉफ को मौत के मुहँ में ढकेलने वाला है।प्रदेश में बेरोजगारी इतनी है कि नर्सिंग स्टॉफ मोटी वेतन के फेर में इजराईल जाने मजबूर हो जायेंगे?अभी भारत के तीन नाविकों की मौत मिसाईल हमला के कारण हुई है कई भारतीय अभी समुद्र में फंसे है उन्हें तो सरकार सुरक्षा नही दे पा रही है?इनकी सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा?
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने में पूरी तरह विफल हो गई है?सरकारी अस्पतालों की दुर्दशा पर अभी राष्ट्रीय सर्वे रिपोर्ट आयी है जिसमे 60% से अधिक मौत का कारण समय पर ईलाज नही होना है। ईलाज में देरी की वजह सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में डॉक्टर नर्सिंग स्टाफ एवं सुविधाओ की कमी को माना गया है।ऐसे में सरकार की प्राथमिकता सरकारी अस्पतालों में नर्सिंग स्टाफ की भर्ती करना होना चाहिये न कि प्रदेश से नर्सिंग स्टॉफ को इजराईल भेजने की?पर भाजपा सरकार का इजराईल प्रेम प्रदेश की जनता की हित से बड़ा है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार तत्काल इस भर्ती विज्ञापन पर रोक लगाये। नर्सिंग स्टॉफ को प्रदेश के सरकारी अस्पतालो में भर्ती करें।