
0 कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने ली प्राचार्यों की बैठक
जगदलपुर। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने बस्तर जिले में संचालित 178 शासकीय हाई एवं हायर सेकंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक लेकर कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा की। टाउन हॉल जगदलपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री छिकारा ने नए शिक्षा सत्र में परीक्षा परिणाम में सुधार हेतु दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर द्वारा प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि शाला प्रारंभ होने के प्रथम दिवस से ही विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, समय पर शाला पहुंचने, शासन द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रमों को समय-सीमा में पूर्ण करने, सप्ताहिक, मासिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक एवं प्रीबोर्ड परीक्षाओं का आयोजन शाला में करने, मासिक टेस्ट के रिजल्ट से पालक बालक सम्मेलन आयोजित कर पालकों को अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही दीक्षा एप में उपलब्ध विडियो का उपयोग करते हुए छात्रों को पढ़ाई करवाने। प्रयोग शाला का समुचित उपयोग एवं मासिक परीक्षा में विकासखंड स्तर के कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वी में सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 15-15 विद्यार्थियों को जिले के पर्यटन स्थल, शैक्षणिक भ्रमण करावाने के निर्देश दिए गए। सत्र 2025-26 में जिन शालाओं का परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं आया है उन्हें आगामी वर्ष में सुधार हेतु निर्देशित किया गया। समस्त शिक्षकों को समय-सीमा में निर्धारित पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
प्रिंसिपल भी लेंगे क्लास
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जैन ने निर्देशित किया कि प्राचार्य भी कम से कम एक कालखंड बच्चों को अध्यापन कराएं एवं शिक्षकों के अध्यापन के दौरान कक्षा में रहकर अवलोकन करें। साथ ही उन्होंने पूर्व में हुई कमियों का अवलोकन कर दूर करने हेतु नई योजना के साथ पढ़ाई कार्य करवाने पर जोर दिया। कलेक्टर द्वारा शाला प्रांरभ होने से पूर्व शालाओं एवं शाला परिसर की साफ-सफाई, प्राप्त पाठ्य पुस्तक का स्कैन करने, प्रथम दिवस से ही गुणवत्ता युक्त मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने, गणवेश का वितरण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नये बच्चों का शालाओं में तिलक लगाकर एवं फूल माला पहनाकर स्वागत करने को कहा गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अमांत्रित करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड एवं जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हेतु स्थल चयन कर जनप्रतिनिधियों की उपस्थितियों में शाला प्रवेश उत्सव मनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल, जिला मिशन समन्वयक, एडीपीओ, सात विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्रोत समन्वयक उपस्थित थे।