नाबालिग से जुड़े दुष्कर्म मामले में ब्लैकमेलिंग का खुलासा, दो और आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। सिलयारी चौकी क्षेत्र में दर्ज नाबालिग बालिका से जुड़े दुष्कर्म प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाले नए तथ्य मिले हैं। जांच में यह सामने आया है कि मामले में केवल दुष्कर्म ही नहीं, बल्कि ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का भी संगठित प्रयास किया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के दो आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी थी। बाद में विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कुछ लोगों द्वारा इस संवेदनशील मामले को सार्वजनिक करने की धमकी देकर आरोपियों और उनके परिजनों से पैसे की मांग की जा रही थी। जांच में यह भी पाया गया कि इन लोगों ने कई बार आरोपियों के घर जाकर दबाव बनाया और फोन के माध्यम से लगातार संपर्क में रहते हुए रकम की मांग की।

विवेचना में यह भी सामने आया कि ब्लैकमेलिंग करने वाले आरोपियों ने दुष्कर्म प्रकरण को उजागर करने की धमकी देकर आर्थिक लाभ लेने की योजना बनाई थी। आरोप है कि इन लोगों ने नगद और डिजिटल माध्यम से राशि भी प्राप्त की। पुलिस के अनुसार, एक प्रकरण में 28 मई 2026 को आरोपियों के घर जाकर दबाव बनाया गया और धमकी दी गई कि यदि मांग पूरी नहीं की गई तो मामले को सार्वजनिक कर दिया जाएगा और उन्हें जेल भिजवाया जाएगा।

जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) सहित अन्य प्रासंगिक धाराएं जोड़ दी हैं। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज सिंह ठाकुर (35 वर्ष) निवासी ग्राम सिलयारी, धरसींवा, जिला रायपुर और मोहम्मद उस्मान सैफी (36 वर्ष) निवासी ग्राम सिलयारी, धरसींवा, जिला रायपुर के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *