अवैध कब्जे तोड़ने पहुंचा बुलडोजर, गांव वालों ने कहा- पहले तोड़ो सरपंच का घर, बैरंग लौटा प्रशासन

जगदलपुर। शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे कर बनाए गए गरीब परिवारों के मकानों को तोड़ने लिए पुलिस बल के साथ प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। पूर्व विधायक चंदन कश्यप और पीड़ित ग्रामीण सामने खड़े हो गए। श्री कश्यप और ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम को साफ चेतावनी दे डाली कि तोड़ना ही है, तो पहले सरपंच का घर तोड़ो, उसके बाद ही हम गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाओ। ग्रामीणों और पूर्व विधायक चंदन कश्यप के रौद्र रूप को देखते हुए प्रशासनिक अमले को बिना कार्रवाई किए बैरंग लौटना पड़ा।
मामला बस्तर ब्लॉक के भानपुरी क्षेत्र अंतर्गत मुंडागांव का है। ग्राम मुंडागांव के बाजार स्थल पर अवैध कब्जा कर रखे 16 में से 13 लोगों को नोटिस दिए गए थे। इसके बाद मकानों को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही थी। इस कार्रवाई का विरोध करते हुए महिलाएं, ग्रामीण, छोटे बच्चे व युवा और पूर्व विधायक चंदन कश्यप प्रशासन के बुलडोजर के सामने जा डटे। ग्रामीण बुलडोजर के सामने लेट गए। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा तीन-चार घरों को छोड़कर बाकी घरों को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है, यह सरासर गलत है। ग्रामीण ने कहा कि सबसे पहले सरपंच का घर तोड़ो उसके बाद बाकी लोगों के मकान तोड़ें। एक विधवा के अवैध मकान को तोड़ने के दौरान ग्रामीणों ने भारी विरोध किया। ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के कारण प्रशासन की टीम को बुलडोजर सहित वापस लौटना पड़ा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *