अवैध रेत उत्खनन मामले में सरपंच पति को खनिज विभाग ने दिया नोटिस

०  छिंदगांव जप्त की गई सैकड़ों ट्राली डंप रेत

० एसडीएम मनीष वर्मा ने लिया त्वरित संज्ञान 
बकावंड। ब्लॉक के छिंदगांव में पेटफुली नदी से रेत के अवैध उत्खनन और भंडारण मामले में प्रसारित खबर पर कलेक्टर के आदेशानुसार बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा ने संज्ञान लिया। उन्होंने खनिज विभाग को जांच के निर्देश दिए थे। मौके पर पहुंची खनिज विभाग की टीम ने अवैध भंडारित रेत को जप्त कर सरपंच पति शरद बघेल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं एक ठेकेदार को भी नोटिस जारी किया गया है।
हमने अपने पिछले अंक में पेटफुली नदी से रेत का अवैध उत्खनन कर भंडारण किए जाने संबंधित समाचार प्रकाशित किया गया था। जिस पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए खनिज विभाग को जांच के आदेश दिए थे। बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा के आदेशानुसार माइनिंग इंस्पेक्टर अंकित गोस्वामी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध रूप से भंडारित रेत को जप्त करने की कार्रवाई की। माइनिंग इस्पेक्टर श्री गोस्वामी ने बताया कि छिंदगांव पंचायत के गौठान में 200 ट्राली से अधिक रेत डंप किया गया था। जिसमें सरपंच पति शरद बघेल को नोटिस जारी किया गया है। वहीं पास में एक ठेकेदार द्वारा डंप लगभग 50 ट्राली रेत भी जप्त कर ली गई। संबंधित ठेकेदार को भी नोटिस जारी किया गया है।खबर है कि नोटिस के जवाब के बाद सरपंच पति पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ऐसी खबर है कि सरपंच पति ने किसी ठेकेदार के संरक्षण में रेत का अवैध उत्खनन एवं भंडारण किया था। फिलहाल ठेकेदार का नाम का खुलासा नहीं हो पाया है, मगर खबर है कि वह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का ठेकेदार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *