रायपुर। डुमरतराई थोक बाजार में छोटे नोटों और सिक्कों की कमी से जूझ रहे व्यापारियों को राहत देने के लिए डुमरतराई थोक बाजार व्यापारी कल्याण महासंघ की ओर से विशेष वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान व्यापारियों को 5, 10 और 20 रुपये के नए नोटों के साथ सिक्कों का वितरण किया गया।
महासंघ के अध्यक्ष प्रेम पाहुजा ने बताया कि पिछले कई महीनों से जिलों की विभिन्न बैंकों में छोटे नोट और सिक्के पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को दैनिक लेन-देन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिल्लर की कमी का असर खासकर छोटे और मध्यम व्यापारियों के कारोबार पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि किराना, मेडिकल, फल-सब्जी, सार्वजनिक परिवहन और अन्य दैनिक उपयोग के व्यवसायों में छोटे नोटों की कमी के कारण ग्राहकों और व्यापारियों के बीच असुविधा के साथ कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है। इसी समस्या को देखते हुए महासंघ ने पहल करते हुए छोटे नोट और सिक्के उपलब्ध कराए हैं।
व्यापारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बाजार में लेन-देन सुचारू होगा और ग्राहकों को भी राहत मिलेगी। महासंघ ने भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर ऐसे वितरण कार्यक्रम जारी रखने की बात कही है।
इस अवसर पर महासंघ के अध्यक्ष प्रेम पाहुजा के साथ महामंत्री गोविंद माहेश्वरी, महेश चंदवानी, प्रकाश दरयानी, पवन अल्वा, जवाहर थारानी, कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप केवलानी, सुनील मलानी, विशाल पोपटानी और उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।