
० सशक्त नारी – समृद्ध समाज
रायपुर। महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले भव्य “नारी वंदन 2026” कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। देश के प्रमुख व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) महिला विंग छत्तीसगढ़ द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर की महिला पदाधिकारियों, उद्यमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता कैट महिला विंग छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष मधु अरोरा ने की। उन्होंने सभी जिलों की महिला प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक महिलाओं को इस आयोजन से जोड़ने और नारी शक्ति को एक सशक्त मंच प्रदान करने की अपील की।
बैठक के दौरान महिला विंग की प्रदेश महामंत्री पिंकी अग्रवाल और प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रेरणा भट्ट ने कार्यक्रम की रूपरेखा, नारी वंदन अवॉर्ड्स, सम्मान समारोह और स्टॉल बुकिंग प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन महिलाओं की प्रतिभा, उपलब्धियों, नवाचार और उद्यमिता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
बैठक में बिलासपुर इकाई की अध्यक्ष निहारिका त्रिपाठी ने भी महिलाओं को नारी वंदन अवॉर्ड्स और स्टॉल बुकिंग में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह मंच महिलाओं को अपने व्यवसाय, कला, कौशल और सामाजिक योगदान को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर देगा।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से जुड़ी महिला प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को लेकर उत्साह व्यक्त किया और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने विश्वास जताया कि नारी वंदन 2026 में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी और यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
बैठक में मधु अरोड़ा, पिंकी अग्रवाल, प्रेरणा भट्ट, डॉ. प्रदीपा, नीलम दिवाकीर्ति, डॉ. प्रिया जोशी, डॉ. अंकिता जोशी, श्रावणी चटर्जी, एकता ठाकुर, चेतना श्रीवास्तव, प्रतिज्ञा ठाकुर, फिरोज खान और चुन्नी मौर्य सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
“सशक्त नारी – समृद्ध समाज” की थीम पर आयोजित होने वाला नारी वंदन 2026 कार्यक्रम महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने और उन्हें नए अवसरों से जोड़ने का एक बड़ा मंच बनने जा रहा है।