बदलते बस्तर में खेल प्रतिभाओं को मिल रहा नया मंच

0  खेल परिसर और इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में चयन ट्रायल से खिलाड़ियों को नया अवसर 
जगदलपुर। बदलते बस्तर की नई तस्वीर अब खेलों के क्षेत्र में भी तेजी से उभरकर सामने आ रही है। युवाओं को खेलों के माध्यम से नई पहचान दिलाने, प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन किया गया, वहीं धरमपुरा खेल परिसर में आवासीय खेल अकादमी बस्तर चयन ट्रायल 2026-27 की शुरुआत के साथ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा मंच मिला है।

चयन प्रक्रिया में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिल रहा है।कलेक्टर बस्तर के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस चयन ट्रायल में खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, फुटबॉल एवं तीरंदाजी खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जा रहा है।चयन प्रक्रिया के पहले चरण में खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे खेल परिसर में उत्साह का वातावरण बना हुआ है। जानकारी के अनुसार एथलेटिक्स में 95 खिलाड़ी, फुटबॉल में 137 खिलाड़ी तथा तीरंदाजी में 16 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस प्रकार कुल 248 खिलाड़ियों की सहभागिता दर्ज की गई। खिलाड़ियों की बड़ी संख्या यह दर्शाती है कि खेलों के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।

चयन ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन एवं आवास की समुचित व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों के रहने, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। आवासीय खेल अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क शिक्षा, खेल किट, बीमा, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सामग्री, आवास एवं भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा और वे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

बदलते बस्तर में खेलों को नई दिशा देने की दिशा में लगातार प्रभावी पहल की जा रही है। बस्तर कलेक्टर ने कहा कि आवासीय खेल अकादमी के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। यह अकादमी केवल प्रशिक्षण का केंद्र नहीं होगी, बल्कि खिलाड़ियों के समग्र विकास का मजबूत मंच बनेगी, जहां उन्हें निःशुल्क शिक्षा, उच्चस्तरीय कोचिंग, आधुनिक खेल सामग्री, खेल किट, बीमा, आवास एवं पौष्टिक भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन, अनुशासन और बेहतर अवसर मिलने पर वे भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।बदलते बस्तर की इस नई सोच के तहत खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। खेल अधिकारी सुशांत पॉल ने बताया कि धरमपुरा खेल परिसर एवं इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में आवासीय खेल अकादमी चयन ट्रायल प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण, आवश्यक सुविधाएं एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार कार्यरत है। उन्होंने जानकारी दी कि जगदलपुर में छत्तीसगढ़ का पहला आवासीय बालक फुटबॉल अकादमी प्रारंभ होना प्रदेश के खेल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी, जिससे भविष्य में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। बदलते बस्तर की यह बदलती तस्वीर इस बात का संकेत दे रही है कि अब यहां खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत मंच तैयार किया जा रहा है। आने वाले समय में यह पहल खिलाड़ियों को नई दिशा देने के साथ बस्तर को खेल गतिविधियों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *