बम्हनीडीह के विकास के लिए भाजपा के पक्ष में उमड़ा जनसमर्थन, सनातन और विकास विरोधी को सिखाएगी सबक : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

0 कमल का बटन दबाएं, स्वच्छ, सुंदर और विकसित बम्हनीडीह बनाएं : डिप्टी सीएम अरुण साव

0 उप मुख्यमंत्री ने संकल्प पत्र जारी कर नगर विकास का किया वादा, भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील

सक्ती/जांजगीर-चांपा।  जिले के नवगठित नगर पंचायत बम्हनीडीह को भाजपा ने नगर पंचायत बनाया, इसके विकास के लिए एक साल में 4 करोड़ रुपए दिए। आगे अनवरत नगर का विकास जारी रहे, इसलिए भाजपा की जीत जरूरी है। वहीं कांग्रेस को शहर सत्ता देना विकास के साथ अन्याय करना होगा।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बम्हनीडीह में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के साथ भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी रमेश डडसेना जी एवं 15 पार्षद प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। श्री साव ने कहा कि भाजपा सरकार ने 4 नवंबर को बम्हनीडीह को नगर पंचायत का दर्जा दिया है। अब भाजपा ही इसे व्यवस्थित, सुंदर और विकसित नगर बनाने का कार्य करेगी।

उप मुख्यमंत्री  साव ने कहा कि यह चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का नहीं है, ये नगर के भविष्य और विकास का चुनाव है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ जनता के समक्ष संकल्प पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि 1 जून को कमल का बटन दबाकर स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित नगर निर्माण के संकल्प में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शहरों और नगरों की तस्वीर बदलने का काम कर रही है। बम्हनीडीह के विकास कार्यों के लिए एक वर्ष में 4 करोड़ रुपए प्रदान किए गए हैं और भाजपा की जीत से विकास कार्यों को गति मिलेगी।

श्री साव ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने हर वादे को पूरा किया है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में लगातार राशि अंतरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार होने से विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ेंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विकास कार्यों को बाधित करने का काम किया है। पिछली सरकार के दौरान आवास योजनाओं को रोका गया और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया। जनता अब विकास विरोधी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि, सनातन समाज जगद्गुरु रामभद्राचार्य का सम्मान करता है, लेकिन कांग्रेस के नेता संतों के खिलाफ बयान देकर समाज की भावनाओं को आहत करते हैं। उन्होंने कहा कि रमेश डडसेना नगर को अपने परिवार की तरह समझकर विकास करेंगे। यह चुनाव सरकार बनाने का नहीं, बल्कि नगर के विकास और जनता के सपनों को पूरा करने का चुनाव है। उन्होंने जनता से जाति-पाति से ऊपर उठकर कमल छाप पर मतदान करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *