रायपुर। राजधानी में लव मैरिज के महज दो महीने बाद एक चौंकाने वाली घटना ने इलाके में हलचल मचा दी है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में नवविवाहिता अपनी ससुराल से अचानक गायब हो गई। पति के आरोप के अनुसार, युवती घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गगन साहू नामक युवक की शादी 20 मार्च को अपनी प्रेमिका के साथ परिवार की सहमति से हुई थी। दोनों के बीच करीब छह महीने से प्रेम संबंध चल रहे थे। शादी के बाद शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अचानक पत्नी के लापता हो जाने से पूरा परिवार सदमे में है।
गगन साहू ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले कुछ दिनों पहले अपने मायके अमलेश्वर गई थी, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटी। उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी पत्नी अपने पुराने प्रेमी के संपर्क में थी और उसी के साथ भाग गई है।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि वे पिछले तीन दिनों से थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इस बात को लेकर परिवार में काफी नाराजगी है।
डीडी नगर पुलिस का कहना है कि मामला संवेदनशील है और प्रारंभिक जांच चल रही है। चूंकि युवती अमलेश्वर क्षेत्र से संबंधित है, इसलिए संबंधित थाने के साथ समन्वय करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है।