सरकार दुर्भावनापूर्वक जनगणना के आंकड़े बदलवा रही है – कांग्रेस

रायपुर। सरकार दुर्भावनापूर्वक जनगणना के वास्तविक आंकड़े बदलवा रही है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सरकार जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों के द्वारा एकत्रित किए गए वास्तविक तथ्यों में फेरबदल करवाने के लिए दबाव डाल रही है। किसी घर मे यदि उज्जवला गैस का कनेक्शन है लेकिन गैस नहीं भरवा पाने के कारण उनके यहां खाना चूल्हे पर बन रहा है, किसी ने अपने यहां शौचालय नहीं होने की बात लिखवाया है, कोई झोपड़ी में रहता है तथा वह सर्वे सूची में पात्र है उसे प्रधानमंत्री आवास नहीं मिला है तो उसने वही लिखवाया है तो इन आंकड़ों को जनगणना कार्य में लगे उच्चाधिकारी बदलवा रहे है। यह सरकार की छवि सुधारने की कोशिश में किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जनगणना के वास्तविक आंकड़े तथा तथ्यों को बदलना देशद्रोह का काम है, देश के हजारों-करोड़ों रू. खर्च करके जनगणना कार्य करवाया जा रहा है। जनगणना के माध्यम से जो आंकड़े आयेंगे उसी के आधार पर आने वाले दशक के लिए देश की तमाम योजनायें बनाई जायेगी। विकास कार्यों की रूपरेखा तथा इन्फ्रास्ट्रक्चर के संबंध में योजनायें बनेगी। गरीबों वंचितों के कल्याण की योजना बनेगी, जब आंकड़े ही सही नहीं होंगे तो योजनाएं सही कैसे बनेगी?

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जनगणना के तथ्यों से छेड़छाड़ गंभीर अपराध है तथा कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की किसी भी गतिविधि की कड़ी निंदा करती है। कांग्रेस के कार्यकर्ता इस प्रकार की गतिविधियों पर नजर रखे है, यदि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की आंकड़ों में हेराफेरी करेगा तो उसके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *