बिलासपुर। शहर में एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अवैध संबंध के शक में पत्नी ने अपने पति का प्राइवेट पार्ट हंसिए से काट दिया। घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित राकेश पेशे से राजमिस्त्री है। उसकी पत्नी को लंबे समय से शक था कि उसका पति किसी दूसरी महिला से संबंध रखता है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद और मारपीट होती रहती थी।
घटना देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। खाना खाने के बाद पूरा परिवार सो गया था। तभी पति-पत्नी के बीच फिर से इसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर पत्नी ने घर में रखे लोहे के हंसिए से पति के प्राइवेट पार्ट को काट दिया।
घटना के बाद पीड़ित के बेटे ने परिवार वालों को सूचना दी। परिजन जब घर पहुंचे तो राकेश खाट पर गंभीर हालत में बैठा था और उसके प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था। पत्नी कटे हुए अंग को हाथ में पकड़े खड़ी थी। परिवार के लोगों ने तुरंत घायल राकेश को SIMS अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया है। चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।