
० वृद्धा और विधवा पेंशन के सबसे ज्यादा आवेदन
० जननी सुरक्षा योजना की दी जानकारी, सरपंच ईस्पर मंडावी रहे मौजूद
जगदलपुर। अग्रणी बस्तर’ की सोच के साथ शुरू किए गए ‘बस्तर मुन्ने’ अभियान के तहत ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा में आयोजित समाधान शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। जनपद पंचायत बस्तर के सीईओ के मार्गदर्शन में पंचायत भवन में लगे बस्तर मुन्ने शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की जानकारी देते हुए ग्राम पंचायत सचिव ललित बघेल ने बताया कि शिविर में वृद्धावस्था पेंशन और विधवा पेंशन के सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए। विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए पेंशन से संबंधित 60 से अधिक आवेदनों का निराकरण मौके पर ही कर दिया। पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी तुरंत सौंपे गए। ललित बघेल ने कहा कि बचे हुए आवेदनों का भी दस्तावेज पूरे होते ही 15 दिनों के भीतर निराकरण कर दिया जाएगा। हमारा संकल्प है कि कुंडगुड़ा का कोई भी पात्र व्यक्ति शासकीय योजना से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एएनएम चंपा बघेल शिविर में मौजूद रहीं। उन्होंने महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना की पूरी जानकारी दी। चंपा बघेल ने बताया कि योजना के तहत संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाती है ताकि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ रहें।
दी मातृ वंदन की जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक बुधियारिन भारती ने गर्भवती और शिशुवती महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार मां बनने पर महिलाओं को पोषण के लिए आर्थिक मदद दी जाती है। शिविर में कई पात्र महिलाओं का योजना के तहत पंजीयन भी किया गया। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाले पोषण आहार की भी जानकारी दी।
बढ़ाया किसानों का हौसला
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी बसंत टोप्पो ने किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी दी। बसंत टोप्पो ने उन्नत बीज, जैविक खेती और कम लागत में अधिक उत्पादन की तकनीक भी समझाई। उन्होंने बताया कि योजना के तहत किसानों को साल में 6 हजार रुपए की राशि तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में मिलती है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा के सरपंच ईस्पर मंडावी, सचिव ललित बघेल, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी बसंत टोप्पो, पर्यवेक्षक बुधियारिन भारती, एएनएम चंपा बघेल, प्रेमसागर ठाकुर, मनोज कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।