0 जल बचाने का दे रहे हैं संदेश और दिला रहे हैं प्रतिज्ञा भी
रायपुर /अभनपुर। विष्णु देव साय सरकार द्वारा मनाए जा रहे सुशासन तिहार के बीच अभनपुर नगर पालिका परिषद के पार्षद और सभापति डोमेंद्र साहू द्वारा जल संरक्षण के लिए अनूठा अभियान चलाया जा रहा है। जीवन अभियान चलाया जा रहा है। वहीं व्याख्याता शशि किरण साहू इस मिशन की मार्गदर्शिका के रूप में लोगों को जल प्रतिज्ञा दिला रही हैं। इसके लिए उन्होंने आकर्षक पंफलेट्स छपवाए हैं। पार्षद श्री साहू और व्याख्याता सुश्री साहू की पहल की पूरे अंचल में जमकर तारीफ हो रही है और लोग जल संरक्षण के लिए प्रेरित भी हो रहे हैं।
पार्षद डोमेंद्र साहू जल एवं पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागृति, स्वच्छता अभियान को लेकर अक्सर कुछ नया करते रहते हैं। जीव जगत के हितों से जुड़े इन मुद्दों को लेकर वे हमेशा लोगों को जागरूक करते रहते हैं। इस बार पार्षद डोमेंद्र साहू ने जल संरक्षण के तहत जल बचाएं, जीवन बचाएं और भविष्य बचाएं अभियान शुरू किया है। वे गली गली, चौराहों, होटलों, दुकानों, पान ठेलों आदि में जाकर लोगों जल का महत्व बताते हुए उन्हें जल संरक्षण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस बड़े अभियान में मार्गदर्शिका की भूमिका बजरंग दास हाई स्कूल की व्याख्याता श्रीमती शशि किरण साहू निभा रही हैं। श्रीमती साहू ने जल प्रतिज्ञा अभियान की शुरुआत की है। इसके लिए उन्होंने आकर्षक पंफलेट्स छपवाए हैं। वे लोगों के बीच जाकर उन्हें जीवन में जल का महत्व समझाती हैं और जल बचाने के लिए के प्रतिज्ञा भी दिलाती हैं। लोगों के बीच जाकर जल संरक्षण के लिए समर्पण भावना से कदम उठाने की अपील करती हैं। श्रीमती शशि किरण साहू लोगों को जरूरत के मुताबिक ही पानी का इस्तेमाल करने, दुरूपयोग न करने, व्यर्थ पानी न बहाने, नदी, तालाबों, कुंओं, हैंडपंपों व अन्य जलस्त्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की नसीहत भी लोगों को देती हैं। व्याख्याता शशि किरण साहू और पार्षद डोमेंद्र साहू की इस शानदार पहल की अभनपुर नगर में ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों में भी खूब चर्चा हो रही है। लोग साहू समाज की इन दोनों जागरूक हस्तियों की सराहना कर रहे हैं और जल संरक्षण के लिए प्रेरित भी हो रहे हैं।