शादी का प्रस्ताव नहीं माना, तो किशोरी पर कर दिया जानलेवा हमला

० करपावंड थाना क्षेत्र के पोटियावंड का मामला 
बकावंड। करपावंड थाना क्षेत्र के ग्राम पोटियावंड में एक 17 वर्षीय किशोरी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया है। गंभीर रूप से घायल किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले को लेकर पीड़िता के पिता ने थाना करपावंड में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पोटियावंड निवासी गोविंद राम कश्यप ने थाने में दिए गए शिकायत पत्र में बताया है कि उनकी बेटी रत्ना कश्यप कक्षा 11वीं की छात्रा है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि संध करमरी निवासी बनमाली सोनी द्वारा पूर्व में शादी का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे लड़की की कम उम्र होने के कारण परिवार ने अस्वीकार कर दिया था। बताया गया है कि रविवार रात करीब 10 बजे रत्ना किसी फोन कॉल के बाद घर के बाहर गई थी। कुछ देर बाद चीखने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां युवती घायल अवस्था में मिली। परिजनों का आरोप है कि आरोपी बनमाली सोनी ने धारदार हथियार से हमला किया और मौके से फरार हो गया।
हमले में युवती के सिर, सीने, गर्दन और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *