रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा-पंडरी इलाके में पारिवारिक विवाद ने एक दिल दहला देने वाली वारदात का रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपनी दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में दोनों युवतियों की मौत हो गई है।
मृतकों की पहचान गीतांजलि और दुर्गेश्वरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गोली लगने के बाद गीतांजलि की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दुर्गेश्वरी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि वह अपने बच्चों से मिलने नहीं दिए जाने से नाराज था, जिसके बाद विवाद बढ़ता चला गया। गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर घर में मौजूद दोनों सालियों पर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने एक को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया था, जबकि दूसरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मामला मोवा थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था। डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने बताया कि यह पूरी वारदात पारिवारिक विवाद का परिणाम है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।