
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में सुरक्षा बलों को बड़ा नुकसान हुआ है। इस दर्दनाक घटना में डीआरजी के 4 जवान शहीद हो गए, जबकि बस्तर में एक बार फिर नक्सल हिंसा ने सुरक्षा चुनौती को गंभीर बना दिया है।
बस्तर आईजी पी. सुन्दराज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह विस्फोट छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कांकेर डीआरजी की टीम शनिवार को सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा प्लांट किया गया आईईडी मिला, जिसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने का प्रयास किया जा रहा था।
इसी दौरान अचानक आईईडी विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर ही तीन जवानों की मौत हो गई। इनमें डीआरजी इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले शामिल हैं। विस्फोट में गंभीर रूप से घायल एक अन्य जवान कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम को तत्काल एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया था, जहां देवेंद्र नगर स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस घटना में कुल चार जवान शहीद हो गए।