उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी श्रमिक भाइयों को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की दी बधाई

0 छत्तीसगढ़ में बोरे बासी खाने की परंपरा, कांग्रेस दिखावे की राजनीति ना करे : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

0 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी सुशासन तिहार में जनता के बीच जाकर करेंगे संवाद : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर प्रदेश के सभी श्रमिक भाइयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के परिश्रम और समर्पण से देश और प्रदेश के विकास की मजबूत नींव तैयार हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, श्रमिकों के जीवन में खुशहाली और सुरक्षा प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

श्री साव ने नवा रायपुर अटल नगर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि श्रम कानूनों में सुधार कर श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सुरक्षित कार्य वातावरण और उनके बच्चों के भविष्य की सुरक्षा के लिए कार्य किया जा रहा है। इसी तरह राज्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में सरकार श्रमिकों और आम जनता के हित में योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर रही है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस केवल दिखावे की राजनीति करती रही है। उन्होंने बोरे बासी को लेकर कांग्रेस के राजनीतिक प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता इन बातों को भली-भांति समझती है। बोरे बासी यहां की पारंपरिक भोजन शैली का हिस्सा है, जिसे लोग विशेषकर गर्मी के दिनों में नियमित रूप से बड़े चाव से खाते हैं। इसे एक दिन का आयोजन बनाकर प्रस्तुत करना केवल दिखावा है।

उप मुख्यमंत्री साव ने बताया कि प्रदेश में जून तक ‘सुशासन तिहार’ का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करेंगे। सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक किस तरह पहुंच रहा है, इसकी जानकारी ली जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपनी समस्याएं खुलकर रखें, ताकि उनका समाधान हो सके और छत्तीसगढ़ को विकसित, खुशहाल एवं समृद्ध राज्य बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *