असम में ऐतिहासिक तीसरी बार बनेगी एनडीए की सरकार : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि असम में स्पष्ट बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 126 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है और लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के 9 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी। पिछले ढाई महीनों से कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लगातार काम किया। उन्होंने कहा कि प्राप्त रुझानों के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण रहा है और मतदाताओं में भाजपा के पक्ष में भारी उत्साह देखा जा रहा है, जिससे तीसरी बार एनडीए सरकार बनने जा रही है।

श्री साव ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर कहा कि वहां भाजपा का हर कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में डटा हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान है और कानून-व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं है। महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है और भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री साव ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में लोक निर्माण विभाग को 9 हजार करोड़ रुपए से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इसके तहत राज्य में सड़कों के उन्नयन, मजबूती और नई सड़कों के निर्माण का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहुंचविहीन गांवों तक सड़क, पुल और पुलिया पहुंचाने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है, जिससे आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और विकास को गति मिलेगी।

श्री साव ने जानकारी दी कि नेशनल ट्राइबल गेम्स के शुभारंभ अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के समक्ष खेल विश्वविद्यालय की स्थापना सहित कई मांगें रखी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से सकारात्मक सहयोग की उम्मीद है। राज्य में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों के विकास के लिए केंद्र का सहयोग मिलने से छत्तीसगढ़ में खेलों को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *