रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि प्रदेश में सीमेंट कंपनियों द्वारा एक बार फिर से कीमतों में 30 रुपये तक की बढ़ोतरी आम जनता पर सीधा बोझ है। खुले बाजार के साथ-साथ नॉन ट्रेड सीमेंट के दाम बढ़ना इस बात का संकेत है कि इस बढ़ोतरी को सरकार का समर्थन है।
पेट्रोल -डीजल, खाद्य पदार्थ, गैस और अब सीमेंट के दाम 260 से 340 रुपये तक और चिल्हर बाजार में 300 से 350 रुपये तक पहुंच जाना बेहद चिंताजनक है। इससे आम नागरिकों के घर बनाने का सपना और दूर होता जा रहा है, वहीं सरकारी निर्माण कार्यों की लागत भी बढ़ेगी, जिसका असर जनता पर ही पड़ेगा।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने आरोप लगाया कि,भाजपा के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बार -बार मुख्यमंत्री जी को इस बाबत पत्र लिखने के बाद भी ये दर्शाता हैँ कि, सरकार की निष्क्रियता और मिलीभगत के कारण सीमेंट कंपनियां मनमानी कर रही हैं,सरकार न तो कीमतों पर नियंत्रण कर पा रही है और न ही जमाखोरी पर कोई कार्रवाई कर रही है। पहले भी सीमेंट कंपनियों द्वारा बार-बार कीमतें बढ़ाई जाती रही हैं, लेकिन सरकार हर बार मूकदर्शक बनी रही जिससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार आम जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि सरकार को सीमेंट की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए और सीमेंट कंपनियों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए।