एम्बुलेंस में गांजा तस्करी का भंडाफोड़: 20 किलो गांजा जब्त, नागपुर के दो आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एंबुलेंस का इस्तेमाल कर गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 20 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक एंबुलेंस के जरिए गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर ग्राम चरौदा मोड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई।

जांच में वाहन के पीछे रखी दो बोरियों से 20 किलो गांजा बरामद हुआ। एंबुलेंस में सवार नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी सलमान खान (26) और शिराज पठान (39) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर महाराष्ट्र में बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने गांजा के साथ एंबुलेंस, 6,800 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के 59 मामलों में 3,367.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 16.79 करोड़ रुपए से अधिक है। इन मामलों में अब तक 157 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें 44 छत्तीसगढ़ और 113 अन्य राज्यों के निवासी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *