
अंबिकापुर। जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में एक दिलचस्प लेकिन बेहद खतरनाक प्रेम ड्रामा देखने को मिला। पसंद की लड़की से शादी कराने की जिद पर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब 4 घंटे तक वहां बैठकर हंगामा करता रहा। युवक लगातार चिल्ला-चिल्लाकर कह रहा था कि अगर उसकी मर्जी से शादी नहीं हुई तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए, जिससे पूरा इलाका तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार, युवती ने युवक की शादी की मांग साफ तौर पर ठुकरा दी थी। बल्कि युवक के बार-बार परेशान करने और छेड़छाड़ करने की शिकायत पहले ही लुंड्रा थाने में दर्ज कराई जा चुकी थी। इसके बावजूद युवक नहीं माना और टावर पर चढ़कर नाटक रच दिया।
घटना लुंड्रा थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाइश देने के बाद युवक को किसी तरह सुरक्षित नीचे उतारा गया। नीचे उतरते ही पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।