0 जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़क पर कड़ी आपत्ति जताई, मंत्री ने 20 दिनों में निरीक्षण का दिया आश्वासन
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के प्रश्नकाल में जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह (बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष) ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क और विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने सड़क की स्वीकृति, टेंडर, कार्य प्रगति, भुगतान और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में निर्माण की चुनौतियों पर विस्तृत जानकारी मांगी।
विधायक किरण देव सिंह ने बताया कि सड़क की स्वीकृति 1 जनवरी 2023 को दी गई थी और टेंडर 30 जनवरी 2023 को हुआ था। मंत्री के जवाब में विस्तृत सर्वे न होने की बात कही गई है। उन्होंने पूछा कि अब तक ठेकेदार को कितना कार्य सौंपा गया और कितनी राशि का भुगतान किया गया?
सड़क परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने जवाब देते हुए कहा कि 18 किलोमीटर लंबी सड़क प्रस्तावित थी, लेकिन नक्सलवाद की समस्या के कारण सर्वे और कई कार्य जैसे नाली निर्माण आदि नहीं हो पाए। डीएमएफ (जिला खनिज न्यास निधि) की राशि से भी कार्य चिन्हांकित किया गया है। उन्होंने बताया कि लगभग 8 करोड़ रुपये का भुगतान अब तक किया जा चुका है और इस वर्ष के भीतर कार्य पूरा करने की कोशिश की जाएगी।
विधायक ने आगे कहा कि टेंडर को विभाजित किया गया है, जिसमें केवल मिट्टी डालने और पुलिया निर्माण का कार्य हुआ है। पहले साल में किया गया काम वर्षा के कारण खराब हो गया, क्योंकि आगे का कार्य नहीं हुआ। यह क्षेत्र सड़कों की सबसे अधिक आवश्यकता वाला है। उन्होंने टेंडर की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रारंभ की तिथि और मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों की टीम गठित करने की मांग की।
मंत्री ने दोहराया कि घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण काम में देरी हुई है। डीएमएफ से लगभग 5 करोड़ 29 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। विधायक ने फिर जोर देकर कहा कि कार्य अभी भी स्थिर है और मॉनिटरिंग टीम गठित करने का अनुरोध किया। मंत्री केदार कश्यप ने सदन को आश्वासन दिया कि आने वाले 20 दिनों के भीतर उच्च स्तरीय अधिकारी वहां जाकर निरीक्षण करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे।