रायपुर। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर और कमर्शियल सिलेंडर के दामों में हालिया बढ़ोतरी सीधे 60 और 115 रुपए तक हुई है, जो देश के मध्यम वर्ग और गरीब नागरिकों के लिए गंभीर झटका है। उनका कहना है कि इसके लिए भाजपा की मोदी सरकार जिम्मेदार है, जिसने अमेरिका के दबाव में सस्ते तेल वाले देशों से अपने संबंध खराब किए।
उपाध्याय ने आरोप लगाया कि सरकार ने देश की जनता को झूठे आश्वासनों से गुमराह किया और महंगाई बढ़ने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा आपूर्ति मुख्य रूप से खाड़ी देशों से होती है, और अगर खाड़ी से कच्चा तेल न मिले तो महंगाई चरम सीमा तक पहुँच सकती है।
पूर्व सांसद ने यह भी बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहले ही सरकार को आगाह किया था कि अमेरिका–ईजराइल–ईरान युद्ध का प्रभाव भारत पर भी पड़ेगा, लेकिन सरकार ने जनता को केवल आश्वासन ही दिया। वित्त मंत्रालय की मासिक रिपोर्ट भी यह संकेत दे रही है कि युद्ध का असर आने वाले समय में देश की अर्थव्यवस्था पर अपेक्षा से अधिक होगा।
उपाध्याय ने कहा कि मोदी सरकार ने अमेरिका के दबाव में ईरान और रूस से कच्चे तेल के सस्ते आयात को रोक दिया, जिससे भारत में महंगाई बढ़ी। उनका कहना है कि सरकार का यह कदम आम जनता पर भारी बोझ डाल रहा है और इसे तुरंत वापस लेना चाहिए। विकास उपाध्याय ने चेतावनी दी कि महंगाई की मार झेल रहे नागरिकों पर यह फैसला गरीबी में और वृद्धि करेगा और जनता के लिए असुविधाजनक साबित होगा।