० भाजपा की संभागीय वक्ता प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित, बस्तर संभाग के सात जिलों के संगठन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि हुये शामिल
० सात अलग अलग विषयों में दिया गया प्रशिक्षण, 7 मार्च से 14 अप्रैल तक सभी मण्डलों में अभ्यास वर्ग का होगा आयोजन
जगदलपुर। भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ के अन्तर्गत संभागीय वक्ता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। भाजपा की इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में बस्तर संभाग के सातों जिले के संगठन पदाधिकारी,सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि शामिल हुये।
कार्यशाला को संबोधित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा केवल एक चुनावी मशीन नहीं, बल्कि एक विचारधारा आधारित संगठन है। इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाना और उन्हें सरकार की जनहितकारी योजनाओं का सजग प्रहरी बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के कौशल विकास और वैचारिक प्रबोधन के लिए इस महाभियान की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि आगामी 7 मार्च से 14 अप्रैल तक देश के सभी ग्रामीण और शहरी मंडलों में अभ्यास वर्ग आयोजित किए जाएंगे। यह प्रत्येक वर्ग एक रात और दो दिन (कुल 24 घंटे) का होगा। मंडल स्तर के प्रशिक्षण के समापन के बाद 15 अप्रैल से जिलास्तरीय अभ्यास वर्ग शुरू होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ता प्रखर,प्रवीण और प्रमाणिक होते है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नीति, सिद्धांत, संगठनात्मक संरचना और जनसेवा के संस्कारों से समृद्ध किया जाए, ताकि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए विशेष रूप से 7 प्रमुख विषयों का चयन किया गया है, जिनमें वैचारिक अधिष्ठान के तहत भाजपा से हमारा जुड़ाव और हमारी विचारधारा, जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक के गौरवशाली सफर पर चर्चा, भाजपा कार्यकर्ता की आदर्श कार्य-पद्धति, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की रणनीति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सोशल मीडिया और आईटी का प्रभावी उपयोग और कार्यकर्ताओं की प्रतिभा और रुचि को निखारने के लिए रात्रिकालीन सांस्कृतिक सत्र शामिल हैं।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व विधायक लता उसेण्डी ने कहा कि प्रशिक्षण हमारा आधारभूत कार्यक्रम है। प्रशिक्षण से कार्यकर्ता विषय के अच्छे जानकार बनते है। उन्होंने बूथ प्रबंधन के विषय में विस्तार से जानकारी रखी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग केवल एक कार्यक्रम नहीं, वरन भाजपा की उस सांगठनिक शक्ति को और धार देने का माध्यम है, जो तकनीक और विचार के संगम से विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करेगी। श्री लाटिया ने हमारा इतिहास एवं विकास विषय पर विस्तृत प्रकाश डाला। प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने वैचारिक अधिष्ठान में एकात्म दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर विस्तार से विचार रखे। प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान मण्डल स्तर तक आयोजित होंगे, जिसका उद्देश्य वैचारिक रूप से दृढ़, संगठनात्मक रूप से सक्षम और समाज सेवा के लिये समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है। कार्यशाला में बस्तर सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने भी संबोधन दिया।
आभार प्रदर्शन भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने किया। संभागीय वक्ता प्रशिक्षण कार्यशाला में भाजपा जिला अध्यक्षों में संतोष जैन कांकेर, सेवक राम नेताम कोण्डागांव, संध्या पवार नारायणपुर, धनीराम बारसे सुकमा, संतोष गुप्ता दंतेवाड़ा, घासीराम नाग बीजापुर, विक्रम उसेण्डी,पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, विधायक विनायक गोयल, चैतराम अट्टामी, आसाराम नेताम,डा.सुभाऊ कश्यप, लच्छू राम कश्यप, रूपसाय सलाम, सुधीर पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, दीपेश अरोरा, ओजस्वी मण्डावी,बृजमोहन देवांगन,नंदलाल मुड़ामी,नारायण मरकाम,राहुल असरानी, संजय लुक्कड़,परीस बेसरा, रजनीश पाणिग्रही, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव आदि सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।