
० पूर्व में हत्या-मारपीट के मामलों में जेल जा चुका था पंडरी थाना क्षेत्र में पुलिस की साप्ताहिक कार्रवाई, अवैध हथियारों पर सख्ती जारी
रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए पंडरी थाना क्षेत्र में एक खतरनाक आरोपी को पिस्टल और खाली मैग्जीन के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी नंदू शर्मा पहले भी हत्या और मारपीट के गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
- नाम: नंदू शर्मा
- पिता: विमल शर्मा
- आयु: 30 वर्ष
- निवासी: कुशालपुर तिरंगा चौक, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर
जब्त सामान
- 1 नग पिस्टल
- 1 नग खाली मैग्जीन
कार्रवाई का विवरण
पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) द्वारा नार्थ जोन के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध पिस्टल, कट्टा रखने वालों तथा इनकी खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना पंडरी पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि भिक्षुक केंद्र के पास एक व्यक्ति अवैध पिस्टल लेकर घूम रहा है। इस सूचना पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना प्रभारी पंडरी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के व्यक्ति को चिन्हित किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नंदू शर्मा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास पिस्टल और खाली मैग्जीन बरामद हुई। आरोपी से वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगने पर उसने कोई दस्तावेज नहीं दिखाया और टीम को गुमराह करने की कोशिश की।
आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हथियार जब्त किए गए। थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 38/2026 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नंदू शर्मा पूर्व में मारपीट और हत्या के गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। वर्तमान में पुलिस उससे पिस्टल प्राप्त करने के स्रोत, उपयोग और संभावित अन्य साथियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।