बोर्ड परीक्षा को लेकर पालकों और शिक्षकों ने कसी कमर…हाई स्कूल टाकरागुड़ा में हुई पालक-शिक्षक बैठक

०  पालकों ने कहा- बच्चों की पढ़ाई को लेकर हम हैं पूरी तरह गंभीर
जगदलपुर। बस्तर विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल टाकरागुड़ा में बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर पालक-बालक शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संस्था की प्राचार्य अल्का बेंजामिन ने की। इस अवसर पर एसएमडीसी के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह बैठक ग्राम टाकरागुड़ा में इमली के पेड़ की छांव में, ग्रामीण परिवेश के बीच आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पालक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। पहली बार इस प्रकार की बैठक ग्राम स्तर पर आयोजित होने से पालकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपने-अपने सुझाव भी रखे। बैठक के दौरान प्राचार्य अल्का बेंजामिन ने बोर्ड परीक्षा की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को पूरे आत्मविश्वास एवं मनोयोग से तैयारी करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने प्रत्येक विषय के छोटे-छोटे प्रश्नों, वस्तुनिष्ठ प्रश्नों, रिक्त स्थानों की पूर्ति तथा सही जोड़ी मिलान जैसे प्रश्नों की तैयारी को सरल भाषा में समझाया।

विद्यार्थियों ने पढ़ाई के दौरान आ रही कठिनाइयों को विषय-शिक्षकों के समक्ष साझा किया, जिनका समाधान विषयवार शिक्षकों द्वारा किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, सतत अभ्यास तथा प्रातःकालीन समय का सदुपयोग करने की सलाह दी, ताकि सभी प्रश्नों का सही समाधान सहज रूप से किया जा सके। बैठक में उपस्थित पालकों ने बच्चों की पढ़ाई को लेकर अपनी गंभीरता व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की शिक्षा पर निरंतर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और विश्वास व्यक्त किया कि बच्चे बोर्ड परीक्षा में निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करेंगे। अंत में सभी उपस्थितजनों ने बैठक की उपयोगिता की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसी बैठकों में सक्रिय सहभागिता देने की सहमति व्यक्त की। बैठक में सभी पालक, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *