बालोद। जिले के डौंडी लोहारा विधानसभा की विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह बजट शब्दों और जुमलों की चमक से भरा है, लेकिन देश की आम जनता की वास्तविक ज़िंदगी से पूरी तरह बेख़बर है।
अनिला भेड़िया ने कहा कि देश का युवा आज बेरोज़गारी की मार झेल रहा है, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर लगातार गिरावट में है, विदेशी निवेशक भारत से पूंजी निकाल रहे हैं, मध्यम वर्ग की बचत तेज़ी से घट रही है और किसान बदहाली के दौर से गुजर रहे हैं। इसके बावजूद बीजेपी सरकार के बजट में इन ज्वलंत मुद्दों पर कोई ठोस समाधान नहीं दिखता।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने एक बार फिर आंकड़ों और लच्छेदार भाषणों के पीछे हकीकत छिपाने की कोशिश की है। न रोजगार सृजन को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप है, न किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस नीति और न ही महंगाई से परेशान आम परिवारों को कोई वास्तविक राहत।
विधायक अनिला भेड़िया ने कहा कि यह बजट विकास का खाका नहीं, बल्कि सरकार की आत्मप्रशंसा का दस्तावेज़ बनकर रह गया है। जिस संवेदनशीलता और दूरदृष्टि की आज देश को आवश्यकता है, वह इस बजट में पूरी तरह नदारद है।
उन्होंने केंद्र सरकार से आत्ममंथन की अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि बीजेपी सरकार जमीनी सच्चाइयों को स्वीकार करे और रोजगार, कृषि, छोटे उद्योग तथा आम जनता के हित में ठोस और ईमानदार आर्थिक कदम उठाए।