आम आदमी का नहीं औद्योगिक घरानों का है यह बजट : दीपक बैज

0 बजट में छत्तीसगढ़ की घोर उपेक्षा : पीसीसी चीफ 
रायपुर/जगदलपुर। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट देश की जनता को निराश करने वाला तथा कारपोरेट घरानों को समर्पित बजट है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के लिए बजट में कुछ नहीं है। छत्तीसगढ़ की घोर उपेक्षा की गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने छत्तीसगढ़ को ठगा है। छत्तीसगढ़ के कोयला और खनिज संसाधनों के दोहन के लिए कॉरिडोर बनाने की बात की गई है, लेकिन छत्तीसगढ़ के विकास के लिए राज्य को कुछ नहीं मिला। देश को सर्वाधिक कोयला, आयरन ओर तथा बाक्साईट देने वाले छत्तीसगढ़ की इस बार भी मोदी सरकार ने उपेक्षा की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि महंगाई कम करने, नए रोजगार सृजन और करों पर छूट देने में यह बजट नाकाम साबित हुआ है। बजट से युवा और छोटे व्यापारी निराश हैं। दीपक बैज ने कहा कि वित्त मंत्री ने बजट में एक बार फिर झूठा दावा किया कि 25 करोड़ लोगों को इन्होंने गरीबी रेखा से बाहर निकाला है, जबकि आज भी देश की आबादी का 61 प्रतिशत हिस्से यानि 81 करोड़ लोगों को सरकार 5 किलो राशन देने का दावा करती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मोदी के हर साल 2 करोड़ रोजगार के लिए भी बजट में कुछ नहीं है। लघु उद्योगों के लिए मात्र 10 हजार करोड़ का प्रावधान बजट में है। यह ऊंट के मुंह में जीरा है। बजट में कृषि क्षेत्र की उपेक्षा की गई है। पहले किसानों की आय दुगुनी करने की बात करने वाली सरकार ने इस बजट में दुगुना करने के लिए कोई प्रावधान नहीं किया, अब किसानों की आय बढ़ाने की बात कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *