रायपुर। एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत ग्राम योजना (Developed India Gram Yojana – VB Gram Ji) को लेकर विरोध कर रही कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अब केवल विरोध करना ही बचा काम रह गया है, जबकि केंद्र सरकार की योजनाएं गरीबों, मजदूरों और किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
कांग्रेस की आंतरिक कलह पर तंज शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले पार्टी में काका-बाबा की लड़ाई चलती थी और अब पार्टी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री के बीच संघर्ष जारी है। इसका नुकसान जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
मनरेगा में रोजगार बढ़ाए, पारदर्शिता पर जोर केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मनरेगा के तहत रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 करने की व्यवस्था की गई है। हर एक रुपये का उपयोग पारदर्शिता के साथ गांवों के विकास में किया जाएगा। विकसित भारत ग्राम योजना के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर ठोस विकास कार्ययोजना बनाई जाएगी, जिससे गांव आत्मनिर्भर और समृद्ध बन सकें।
दौरे का कार्यक्रम रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद शिवराज सिंह चौहान दुर्ग के लिए रवाना हुए, जहां वे किसान मेले में शामिल होंगे। इसके अलावा ग्राम गिरहोला और खपरी में कृषि फार्म का भ्रमण तथा पौधरोपण कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
31 जनवरी को उच्चस्तरीय बैठक 31 जनवरी को रायपुर स्थित मंत्रालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कृषि मंत्री रामविचार नेताम के साथ उच्चस्तरीय बैठक होगी। इस बैठक में कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा के साथ उन्हें और प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा होगी। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर छत्तीसगढ़ के लिए साझा कृषि कार्ययोजना तैयार करेंगी।
किसानों से सीधा संवाद, यंग लीडर प्रोग्राम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे किसानों से सीधे संवाद करने, प्रगतिशील खेती के प्रयोग देखने और खेतों में जाकर किसानों की समस्याएं समझने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ आए हैं। साथ ही ‘यंग लीडर’ कार्यक्रम के तहत दिल्ली गए युवाओं से भी संवाद करेंगे।
छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक प्रगति का दावा उन्होंने दावा किया कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। राज्य में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण कार्य तेजी से जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण को नई गति देगा।