रायपुर में आज IND vs NZ टी-20 मुकाबला: चौकों-छक्कों की उम्मीद, ट्रैफिक से लेकर खाने तक पूरी गाइडलाइन जारी

रायपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज 23 जनवरी को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। फरवरी में होने वाले आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप से पहले यह सीरीज टीम इंडिया के लिए अहम मानी जा रही है। पहले मुकाबले में भारत ने 238 रन बनाकर दमदार प्रदर्शन किया था, जिससे फैंस की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। रायपुर में भी आज बल्लेबाजों के धमाकेदार खेल की पूरी संभावना जताई जा रही है।

मैच को लेकर बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर और स्टेडियम के आसपास विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था तय की है। अलग-अलग जिलों से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि आवागमन सुगम रहे और जाम की स्थिति न बने।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था:

  • रायपुर शहर की ओर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा, एनएच-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होते हुए नया रायपुर मार्ग से स्टेडियम पहुंचेंगे और साईं अस्पताल व सेंध तालाब पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल प्रवेश करेंगे।

  • बिलासपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग-भिलाई, धमतरी-जगदलपुर और महासमुंद-सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए भी अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।

  • जिन दर्शकों के पास पार्किंग पास (A से G) है, वे सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नया रायपुर मार्ग से सीधे स्टेडियम की निर्धारित पार्किंग में वाहन पार्क कर सकेंगे।

स्टेडियम में खाने-पीने के तय रेट:
दर्शकों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए स्टेडियम के अंदर मिलने वाली सभी खाद्य वस्तुओं के दाम पहले से तय कर दिए गए हैं। आयोजन समिति के अनुसार तय रेट से अधिक कीमत वसूलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • समोसा (100 ग्राम) – ₹50

  • सैंडविच – ₹60

  • बर्गर – ₹80

  • पिज़्ज़ा हट पिज़्ज़ा – ₹250

  • पॉपकॉर्न (कोन) – ₹60, (टब) – ₹100

  • वेज मोमो – ₹150, चिकन मोमो – ₹200

  • फ्राई मोमो (वेज) – ₹200, चिकन फ्राई मोमो – ₹250

  • पानी की 250 एमएल बोतल – ₹10
    फूड स्टॉल कर्मचारियों की टी-शर्ट पर रेट लिखे होंगे और पूरे स्टेडियम में मेन्यू बोर्ड लगाए जाएंगे।

मैच टाइम और एंट्री नियम:
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के अनुसार मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि दर्शकों के लिए गेट दोपहर 4 बजे खोल दिए जाएंगे। पहली पारी समाप्त होने के बाद स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम:
सुरक्षा कारणों से स्टेडियम में बोतल, टिन, कैन, लाइटर, सिगरेट, छतरी, कैमरा, पावर बैंक, हेलमेट, सेल्फी स्टिक, बैकपैक, सिक्के, पटाखे, धारदार वस्तुएं और किसी भी तरह के हथियार ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। बाहर से भोजन या मादक पेय पदार्थ लाने की अनुमति भी नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *