
0 पत्रकारिता कोई सहज या आसान काम नहीं, अत्यंत परिश्रम और साहस पूर्ण कार्य है : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
0 उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्रकार भवन के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की
सारंगढ़। उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज सारंगढ़ के गुरु घासीदास पुष्प वाटिका स्थित जैतखाम में पूजा अर्चना कर प्रदेश स्तरीय पत्रकारों की कार्यशाला में शामिल हुए। कार्यशाला में समसामयिक विषयों, मीडिया की बदलती भूमिका, नई टेक्नोलोजी एवं जिम्मेदार पत्रकारिता पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति ने खेल, शिक्षा, सेवा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विशिष्टजनों को सारंगढ़ रत्न से सम्मानित किया। श्री साव ने सारंगढ़ में पत्रकार भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की।
श्री साव ने कहा कि, कार्यशाला पत्रकारों को चुनौतियों से उबरने, सजगता और सावधानी के साथ कार्य करने की दिशा देती हैं। उन्होंने कहा कि, पत्रकारिता कोई सहज या आसान कार्य नहीं है, यह अत्यंत परिश्रम, साहस और जिम्मेदारी से जुड़ा दायित्व है। वे लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों ने अपनी विश्वसनीय पहचान बनाई है। प्रश्न पूछने का अधिकार ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे पत्रकारिता जीवंत बनाए रखती है। हौसला और जज्बा ही एक सच्चे पत्रकार की पहचान है।
श्री साव ने कहा कि, तेजी से बदलती तकनीक और सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता के समक्ष कई नई चुनौतियां खड़ी हुई हैं, विशेषकर प्रिंट मीडिया के लिए यह समय कठिन है। ऐसे में पत्रकारिता धर्म और चौथे स्तंभ का जीवित रहना लोकतंत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों से आग्रह किया कि वे खबरों की होड़ में न पड़ें और तथ्यों की पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही प्रसारित करें, क्योंकि बिना सत्यापन के प्रसारित सूचना किसी के मान-सम्मान और करियर को नुकसान पहुंचा सकती है। उन्होंने कहा कि, भारत जैसे प्राचीन लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। इतिहास गवाह है कि पत्रकारों ने अंग्रेजों और तानाशाही के खिलाफ संघर्ष किया है और समाज में आज भी उन्हें विशिष्ट सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त है।
कार्यशाला में अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश प्रताप सिंह, नितिन सिन्हा, नरेश चौहान, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद शर्मा, लक्ष्मीनारायण लहरे, कमलेश स्वर्णकार, अमित, देवराज दीपक, श्याम पटेल, पत्रकार संघ के पदाधिकारी, पत्रकार साथी गण तथा भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडेय, सुभाष जालान, केरा बाई मनहर, नगर पालिका खरसिया अध्यक्ष कमल गर्ग, कैलाश पंडा, भरत, विद्या चौहान, अमित अग्रवाल , अमित तिवारी , अजय नायक , जिला पंचायत उपाध्यक्ष दुर्गा ठाकुर , हितेश अजगले , रिंकू तिवारी उपस्थित रहे।