
महासमुंद। उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज महासमुंद जिले में आयोजित जिला साहू संघ एवं तहसील संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के निर्विरोध निर्वाचित जिला एवं तहसील संघ के पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि साहू समाज में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन होना सराहनीय पहल है। यह सामाजिक एकता और समरसता की मजबूत परंपरा को दर्शाता है, जो अन्य समाजों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने महासमुंद साहू समाज भवन में शेड निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की।
श्री साव ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाना और गरीब से गरीब व्यक्ति को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे समाज के हर सदस्य के सुख-दुख में सहभागी बनें, तभी सामाजिक चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव होगा।
उन्होंने बदलते समय का उल्लेख करते हुए कहा कि आज बच्चों को अच्छे विचार, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है। इससे ही आने वाली पीढ़ी संस्कारित, वैचारिक और जिम्मेदार नागरिक बन सकेगी। उप मुख्यमंत्री ने समाज से सामूहिक प्रयासों के माध्यम से मजबूत और सशक्त भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।