० 17 में से 15 टंकियों की सफाई कार्य पूर्ण, 2 का सफाई कार्य प्रगति पर
० नगर निगम पूरी जिम्मेदारी के साथ शहर में पहुंचा रहा है शुद्ध पेयजल : सुरेश गुप्ता
जगदलपुर। नगर निगम के जलापूर्ति विभाग से शहर की जनता को शुद्ध पेयजल मिले इसके लिए शहर में दो फिल्टर प्लांट और 17 टंकियां हैं। एक फिल्टर प्लांट पुरानी और दूसरी फिल्टर प्लांट आधुनिक है। पुराने फिल्टर प्लांट से चार एमएलटी पानी और नए फिल्टर प्लांट से 9 एमएलटी पानी की सप्लाई शहर में की जाती है, लगभग 5:30 एमएलटी पानी की सप्लाई बोर एवं अन्य माध्यम से होती है। इस तरह कुल 17.5 एमएलटी पानी रोजाना शहर की जनता की प्यास बुझाता है। नगर निगम एमआईसी में जल कार्य प्रभारी सुरेश गुप्ता ने जानकारी दी है कि दोनों फिल्टर प्लांट से 13 एमएलटी पानी की सप्लाई से पूर्व, 24 घंटे में 6 बार पानी का सैंपल लिया जाता है, और इसकी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की प्रयोग शाला में जांच कराई जाती है। फिल्टर प्लांट से ट्रीटमेंट प्लांट से होकर गुजरने के बाद सप्लाई से पूर्व सेंपल पानी का लिया जाता है और इसे टेस्ट किया जाता है।इस तरह से मानक युक्त शुद्ध जल की ही निगम द्वारा सप्लाई की जा रही है।
जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता ने बताया कि नगर निगम शहर की जनता को आश्वस्त करना चाहता है कि फिल्टर प्लांट की सफाई का कार्य गर्मी में किया जाता है और यह प्रक्रियाधीन है। इसके साथ ही समय-समय पर फिल्टर प्लांट का सिल्ट नगर निगम के कुशल मजदूरों के द्वारा निकाला जाता है। वर्तमान में भी महापौर संजय पांडे के निर्देश पर जल कार्य विभाग द्वारा शहर की 17 टंकियों की सफाई की निविदा 20 जुलाई 2025 को जारी की गई और 20 अगस्त 2025 को टंकी सफाई हेतु कार्यांदेश जारी किया गया। इस निविदा के तहत अब तक 15 टंकियों की सफाई हो चुकी है, दो में कार्य प्रगति पर है। यहां यह बताना जरूरी है कि पूर्व में 8 अगस्त 2023 को 17 टंकियों की जल क्षमता 182.4 लाख लीटर की सफाई का दर 42 पैसे प्रति लीटर से सफाई में 38 लाख 30 हजार 400 रूपए खर्च किए गए थे। वहीं 20 अगस्त 2025 के परिप्रेक्ष्य में 182.4 लाख लीटर 17 टंकियों की सफाई का दर 13.5 पैसे प्रति लीटर से 24 लाख 62 हजार 400 मात्र खर्च होना है। इस तरह से वर्तमान में जो 17 टंकियों की सफाई होगी और इस सफाई में जो पारदर्शिता पूर्वक निविदा बुलाई गई है इससे निगम को पूर्व की निविदा से लगभग 14 लाख रुपए कम खर्च होगा। जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता ने बताया कि नगर निगम द्वारा टंकियों और फिल्टर प्लांट की सफाई का कार्य प्रगति पर है और कभी किसी वार्ड से पानी की किसी प्रकार की शिकायत आने पर उसका त्वरित निराकरण भी किया जाता है।