जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान धान खरीदी व्यवस्था में बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। कोनपारा धान खरीदी केंद्र में 6 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की गड़बड़ी पाए जाने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर आधारित है।
पुलिस ने धान खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव (39 वर्ष, निवासी झारमुंडा) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
अपेक्स बैंक नोडल अधिकारी राम कुमार यादव की रिपोर्ट के अनुसार, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा के उपकेंद्र में 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई थी, लेकिन मिलों एवं संग्रहण केंद्रों को मात्र 1,40,663.12 क्विंटल धान ही भेजा गया। इस प्रकार 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई।
संयुक्त जांच दल के भौतिक सत्यापन में मौके पर धान नहीं मिला और रिकॉर्ड में गंभीर अनियमितता की पुष्टि हुई। प्रति क्विंटल 3,100 रुपये की दर से धान की कीमत 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपये तथा 4,898 बारदानों की कीमत 17 लाख 07 हजार 651 रुपये आंकी गई। कुल मिलाकर शासन को 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये का नुकसान हुआ है।
आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- भुनेश्वर यादव (प्राधिकृत अधिकारी)
- जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक)
- शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी)
- जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर)
- अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी)
- चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी)
पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 320, 336, 338 एवं 61 के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि अपेक्स बैंक की रिपोर्ट पर तुरंत FIR दर्ज की गई है। एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है, जबकि बाकियों की तलाश तेज कर दी गई है। मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपियों को शीघ्र पकड़ा जाएगा।