रायपुर के कोर्ट परिसर में दो महिला गुटों के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोर्ट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो महिला गुटों के बीच अचानक झड़प शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्ष तेलीबांधा थाना क्षेत्र की देवर बस्ती के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

 

सूत्रों के अनुसार, महिलाएं किसी पुराने पारिवारिक या स्थानीय विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट पहुंची थीं। कोर्ट परिसर में ही आपसी कहा-सुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों गुट एक-दूसरे पर टूट पड़े। मारपीट करीब आधे घंटे तक चलती रही, जिसमें बाल खींचना, थप्पड़ और लात-घूंसे चलते दिखे। इस दौरान कोर्ट परिसर में मौजूद लोग सहम गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाओं की आपसी झड़प और मारपीट साफ-साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में कोर्ट की सीढ़ियों और गलियारे में यह हंगामा देखा जा सकता है।

सूचना मिलते ही कोर्ट सुरक्षा कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग किया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है।

पुलिस ने बताया कि मामले की शिकायत मिलने पर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों की महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *