वन विभाग का एक्शन, वनभूमि पर अतिक्रमण करने वाले 10 लोगों को भेजा गया जेल

जगदलपुर। बस्तर वन मंडल के अंतर्गत माचकोट परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक आर एफ 1252 में सुकमा जिले के छिंदगढ़ से आए 10 अतिक्रमणकारियों द्वारा वनभूमि को खंडित कर खेती करने के उद्देश्य से वृक्षों की कटाई की जा रही थी।वन विभाग ने इन लोगों पर कार्रवाई करते हुए सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वन विभाग लगातार वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार वन सुरक्षा हेतु अतिक्रमण विरोधी अभियान चला रहा है। इस कड़ी में यह कार्यवाही जगदलपुर वृत्त के मुख्य वन संरक्षक आलोक तिवारी एवं डीएफओ उत्तम गुप्ता के मार्गदर्शन में एवं उप वन मंडलाधिकारी जगदलपुर देवलाल दुग्गा एवं वन परिक्षेत्र माचकोट अधिकारी सुमीत साहा, प्रशिक्षु वन क्षेत्रपाल अक्षय कश्यप के नेतृत्व में की गई। वन सुरक्षा समिति एवं वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा कई दिनों से इन अतिक्रमणकारियों को पकड़ने हेतु कड़ाके की ठंड में भी निरंतर गश्त की जा रही थी,जिसके परिणाम स्वरूप नागेश पिता हिडमाराम एवं अन्य 9 अतिक्रमणकारियों को रंगेहाथ जंगल में धर दबोचा गया। इनमें 2 आरोपी नाबालिग हैं। सभी आरोपियों को परिक्षेत्र कार्यालय धनपुंजी लाकर पूछताछ की गई। उन्होंने खेती करने के उद्देश्य से जंगल में वृक्ष कटाई करते हुए अतिक्रमण की बात कबूल की। इनके विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की सुसंगत धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। 8 आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जिला बस्तर के समक्ष एवं 2 अवयस्क को प्रधान न्यायिक मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड जगदलपुर में प्रस्तुत किया गया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल जगदलपुर एवं बाल संप्रेक्षण गृह जगदलपुर भेजा दिया।

कार्रवाई में मुख्य रूप से परिक्षेत्र सहायक बुधसन बघेल, घुनुराम मरकाम, बनसिंग कर्मा, लच्छूराम मरकाम, परिसर रक्षक घुड़सा राम मंडावी, सुकुलधर बघेल, रमेश कुमार बघेल, राजाराम कश्यप, बामन पोयाम, प्रमोद नेताम, गुलशन बघेल एवं वन सुरक्षा श्रमिकों का विशेष सहयोग रहा। वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता ने बताया कि ग्राम पंचायतों एवं ग्राम सभाओं को पत्र के माध्यम से तथा कोटवारों से मुनादी करवाकर वन अपराधों को रोकने हेतु प्रस्ताव पारित करने की अपील की गई है। इस प्रकार के अपराध में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। वन अपराध को रोकने विभाग का अनवरत प्रयास जारी उप जगदलपुर वन मंडलाधिकारी देवलाल दुग्गा ने बताया कि इस अत्यंत ठंड के मौसम में जहां सामान्य कार्य करना भी कठिन हो रहा है वहीं मैदानी अमला वनों की सुरक्षा के लिए लगातार गश्त लगा रहा है। विभाग के किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहा है। परिक्षेत्र अधिकारी सुमीत साहा ने बताया कि विभाग वन सुरक्षा के लिए अथक प्रयास कर रहा है। आम जनता से अपील है कि किसी प्रकार के वन अपराध घटित होने की सूचना तत्काल वन विभाग को दें और वन सुरक्षा के महाअभियान में भागीदार बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *