रायपुर में 18 दिसंबर से मेगा हेल्थ कैंप 2025, सीएम साय करेंगे उद्घाटन विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में 40 से अधिक अस्पताल, देशभर के सुपरस्पेशलिस्ट देंगे सेवाएं

रायपुर। राजधानी रायपुर में 18 दिसंबर से 5 दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप 2025 का आयोजन किया जाएगा। रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। यह आयोजन आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में होगा, जिसमें 40 से अधिक सहयोगी अस्पताल और देशभर के सुपरस्पेशलिस्ट डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे।

आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक मूणत ने बताया कि इससे पूर्व यहां आयोजित पांच विशाल स्वास्थ्य शिविरों ने वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया था। उसी सफलता और विश्वास के आधार पर इस वर्ष का शिविर और अधिक व्यापक, आधुनिक तथा सुविधायुक्त रूप में आयोजित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के संबंधित विभागों का मार्गदर्शन एवं सहयोग मिलेगा, वहीं शहर की सामाजिक संस्थाएं और भाजपा के सेवाभावी कार्यकर्ता मरीजों की देखभाल में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद सहित देशभर से सुपरस्पेशलिस्ट डॉक्टर रायपुर पहुंचेंगे, ताकि मरीजों को बड़े महानगरों की यात्रा किए बिना उच्चस्तरीय परामर्श और उपचार मिल सके। शिविर में विनय मित्र मंडल के माध्यम से दिव्यांगों को कृत्रिम जयपुर पैर, हाथ कटे दिव्यांगों को कृत्रिम हाथ, साथ ही श्रवण यंत्र, ट्राइसिकल और वैशाखी प्रदान की जाएंगी।

मूणत ने 40 से अधिक सहयोगी अस्पतालों की सूची प्रस्तुत करते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर अस्पतालों का एक मंच पर आना अपने आप में अनूठी मिसाल है। प्रमुख सहयोगी संस्थानों में रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, वी.वाई. हॉस्पिटल, बालाजी हॉस्पिटल, सुयश हॉस्पिटल, श्री नारायणा हॉस्पिटल, बाल्को हॉस्पिटल, एम्स रायपुर, गंगा डायग्नोस्टिक, एनएचएमएमआई हार्ट इंस्टीट्यूट, गणेश विनायक आई हॉस्पिटल, उर्मिला मल्टी स्पेशियलिटी, गुडविल हॉस्पिटल, अमृतम, रिम्स, संजीवनी हॉस्पिटल, मेडिश्योर हॉस्पिटल, उद्यांचल नेत्र चिकित्सालय (राजनांदगांव) और रावतपुरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस शामिल हैं।

मेगा हेल्थ कैंप में कैंसर, हृदय रोग, नेत्र रोग, स्त्री रोग, अस्थि रोग, बांझपन उपचार, आयुर्वेद सहित विभिन्न विधाओं के विशेषज्ञ डॉक्टर निःशुल्क जांच, परामर्श, उपचार और दवाइयों का वितरण करेंगे। कैंसर विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत केरकर और डॉ. आयुषी गोयल, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मयूर जैन और डॉ. रमेश कवाड़ सहित कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञ सेवाएं देंगे।

उद्घाटन कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कैबिनेट मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, महापौर मिनल चौबे, पूर्व महापौर सुनील सोनी, मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के अध्यक्ष दीपक म्हसके, जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

अंत में विधायक राजेश मूणत ने आम जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सेवा अभियान का लाभ उठाएं और “स्वस्थ रायपुर, सुखी रायपुर” के संकल्प में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *