रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मैट्रिमोनियल साइट शादी डॉट कॉम के जरिए ठगी और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने दिल्ली निवासी एक युवक के खिलाफ महिला आरक्षक से दोस्ती कर घनिष्ठ संबंध बनाने, अंतरंग फोटो लेकर ब्लैकमेल करने और रेप की कोशिश करने के आरोप में FIR दर्ज की है। आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता विधवा महिला आरक्षक हैं, जिन्होंने जीवनसाथी की तलाश में शादी डॉट कॉम पर प्रोफाइल बनाई थी। आरोपी ने खुद को दिल्ली का डॉक्टर बताकर संपर्क किया और बातचीत के जरिए विश्वास जीता। मोबाइल पर लंबी बातों के बाद आरोपी रायपुर आया और पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। इस दौरान उसने अंतरंग तस्वीरें हासिल कीं या एडिट कर अश्लील बनाईं।
इसके बाद आरोपी ने इन तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। तीन-चार महीनों में उसने पीड़िता से करीब 4 लाख रुपये वसूल लिए। बार-बार पैसे की मांग और धमकियों से परेशान होकर महिला आरक्षक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामला पहले धमतरी जिले के मगरलोड थाने में दर्ज हुआ था, लेकिन बाद में इसे रायपुर ट्रांसफर कर दिया गया। पुरानी बस्ती पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर और आधार कार्ड के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।