रायपुर। उरकुरा के हर्षित विहार इलाके में हुई 5 लाख रुपये की नकबजनी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी अनिल कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से चोरी की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है।
पीड़ित विजय कुमार सारथी (35), मूल निवासी जैजेपुर, जिला सक्ती, वर्तमान में खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्षित विहार उरकुरा में किराये के मकान में रहते हैं। उन्होंने 9 दिसंबर 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपने पैतृक मकान को 38 लाख रुपये में बेचकर उसमें से 5 लाख रुपये मकान खरीदने के लिए 5 दिसंबर को टीन की पेटी में रखे थे। 8 दिसंबर की सुबह पेटी देखने पर नगदी पैसे गायब मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की टीम ने जांच शुरू की। लगातार खोजबीन के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम अरेठीकला निवासी अनिल कश्यप (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी 5,00,000 रुपये की नगदी बरामद कर उसे गिरफ्तार करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी:
अनिल कश्यप, पिता पुरुषोत्तम कश्यप, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम अरेठीकला, थाना हसौद, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़)।