छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संस्थापक अमित बघेल गिरफ्तार, कोर्ट परिसर में सुरक्षा कड़ी – समर्थकों का हंगामा

रायपुर। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संस्थापक अमित बघेल को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आपत्तिजनक बयान मामले में उनके खिलाफ दर्ज प्रकरण के बाद वे 26 दिनों से फरार चल रहे थे। बघेल के खिलाफ देवेन्द्र नगर, कोतवाली सहित 12 राज्यों में FIR दर्ज है।

पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर देवेन्द्र नगर थाने से कोर्ट ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद है कि कोर्ट में पेशी के दौरान अमित बघेल अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जमानत की मांग कर सकते हैं।

अमित बघेल की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही विभिन्न इलाकों से भारी संख्या में समर्थक कोर्ट और थाने के बाहर पहुंचने लगे। समर्थकों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी और अमित बघेल के समर्थन में नारेबाजी की जा रही है।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कोर्ट परिसर और थाने के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा तैनात कर दी है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है और बाहरी जिलों से आए समर्थकों को रोक दिया गया है पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए आगे की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *