रायपुर। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल आज देवेन्द्र नगर थाने में सरेंडर कर सकते हैं। पुलिस ने बड़ी संख्या में उनके समर्थकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। गिरफ्तारी के लिए पहले से ही पूरी तैयारी कर ली गई है।
अमित बघेल आपत्तिजनक बयान मामले में लगभग दो महीने से फरार थे। इस दौरान उनकी मां का निधन हो गया और उनका पार्थिव शरीर पथरी ग्राम ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार होगा। माना जा रहा है कि सरेंडर के बाद बघेल अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जमानत अर्जी दाखिल कर सकते हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने 26 नवंबर को उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट ने कहा था कि उन्हें अपनी जुबान पर नियंत्रण रखना होगा और दर्ज FIR का कानूनी सामना करना होगा। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि FIR क्लबिंग जैसे किसी मामले में हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा। अमित बघेल पर अब तक 12 राज्यों में FIR दर्ज हैं।
मामला 27 अक्टूबर का है, जब अमित बघेल ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तोड़ने और अग्रसेन महाराज व सिंधी समाज के ईष्ट देवता झूलेलाल पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनके बयानों के बाद अग्रवाल और सिंधी समाज ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए और FIR दर्ज कराने की मांग उठाई।