बकावंड एसडीएम वर्मा का “ऑपरेशन धान” जारी; ओड़िशा से धान लाकर बस्तर में खपाने की साजिश नाकाम

० तीसरे दिन भी 35 क्विंटल अवैध धान किया जप्त 
(अर्जुन झा) बकावंड। एसडीएम मनीष वर्मा का “ऑपरेशन धान” तीसरे दिन भी जारी रहा। 2 दिसंबर को तड़के 3 बजे जब पूरा क्षेत्र गहरी नींद में था, तब उड़ीसा–छत्तीसगढ़ सीमा पर टीम वर्मा ने सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए धान भरे एक पिकअप वाहन को पकड़ा। इस वाहन पर 35 क्विंटल धान था, जिसे वाहन समेत जप्त कर लिया गया। बस्तर कलेक्टर हरिस एस के निर्देश पर बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा और उनकी टीम में शामिल अधिकारी कर्मचारी पूरी रात चौकसी कर धान के अवैध परिवहन एवं विक्रय करने वालों को लगातार पकड़ रहे हैं। टीम को आज एक और जबर्दस्त सफलता मिली। करपावंड तहसील अंतर्गत ग्राम मारीगुड़ा में उड़ीसा की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें भारी मात्रा में धान लदा मिला। तड़के 3 बजे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ओडी 24 जे 8654 संदिग्ध तरीके से सीमा पार करता दिखा। रोके जाने पर ड्राइवर चंदन साव पिता चंदीप साव, निवासी डोडरा, भीमागुड़ा, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) वाहन में लगभग 35 क्विंटल धान ले जाते पकड़ा गया।जांच में सामने आया कि चालक के पास धान की खरीदी बिक्री और परिवहन का दस्तावेज नहीं था। धान और पिकअप को जप्त कर मामला थाना करपावंड सुपुर्द किया गया। पिछले कुछ दिनों में सीमा पार बढ़ती अवैध गतिविधियों को देखते हुए अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि कार्रवाई और ज्यादा कड़ी होगी। तीन दिनों में कुल 11 गाड़ियां जप्त की जा चुकी है। यह आंकड़ा बताता है कि प्रशासन अब किसी भी स्तर पर कोताही बरतने के मूड में नहीं है।

लगे रहिए एसडीएम साहब
उड़ीसा से होने वाली अवैध धान ढुलाई की वजह से वर्षों से परेशान स्थानीय किसान अब राहत महसूस कर रहे हैं। लगातार हो रही कार्रवाई ने उनके मन में नया भरोसा जगाया है। ग्रामीणों और किसानों की प्रतिक्रिया कुछ इस तरह रही- एक किसान ने कहा कि अब तक रुपहले फिल्मी पर्दे पर हीरो देखते आ रहे थे, अब असली हीरो को मैदान पर दिख रहे हैं। वहीं एक अन्य किसान ने कहा- एसडीएम साहब की ताबड़तोड़ कार्रवाई ने हमारी फसल को सुरक्षित किया है।एसडीएम के नेतृत्व में की जा रही लगातार कार्रवाइयों ने पूरे क्षेत्र में सख्त संदेश दे दिया है कि अवैध धंधे अब नहीं चलने वाले। बकावंड प्रशासन का “ऑपरेशन धान” एक साफ संदेश देता है कि सीमा पार से धान की अवैध ढुलाई करने वाले अब सुरक्षित नहीं। प्रशासन लगातार सक्रिय है और यह कड़ा एक्शन आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *