जगदलपुर। नशा मुक्त भारत अभियान के पांच वर्ष पूरे होने पर मंगलवार को बस्तर जिले के सभी स्कूलों में एक साथ मानव श्रृंखला बनाकर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य शासन एवं कलेक्टर बस्तर एस. हरीश के निर्देश पर यह राष्ट्रव्यापी अभियान जिले भर में उत्साह के साथ मनाया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी बी.आर. बघेल, डीएमसी अशोक पाण्डे तथा एपीसी राकेश खापर्डे के मार्गदर्शन में जिले की समस्त शासकीय एवं अशासकीय शालाओं में छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली।
विकासखंड जगदलपुर के अंतर्गत तुसेल संकुल सरगीपाल की प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में खंड शिक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता तथा बीआरसी स्टाफ के निर्देशन में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने हाथों में हाथ डाले विशाल मानव श्रृंखला बनाई और नशा मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं नशा मुक्त भारत अभियान के जिला नोडल अधिकारी कमलेश रामटेके ने सभी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। इस दौरान संस्था की प्रधान पाठक नीता गोलदार, शिक्षक हरीश गोटी, उत्तरा गिरी, सुमित देवांगन, भूपेंद्र कुंवर तथा अन्य कर्मचारी कु. अमृता बघेल, जमुना आदि ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया और नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।