प्राथमिक शाला भवन धनगोल की जल्द कराई जाए मरम्मत : ताटी

० भाजपा नेताओं ने हथिया लिया है मरम्मत का कार्य
भोपालपटनम। सुशासन की सरकार में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड में शैक्षणिक संस्थाएं भगवान भरोसे चल रही हैं। शिक्षा व्यवस्था सुधारने के नाम पर यहां अब तक तीन खंड शिक्षा अधिकारियों का प्रभार बदला जा चुका है। फिर भी यहां की शिक्षा व्यवस्था जस की तस बनी हुई है।
उक्त बातें पूर्व ज़िला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता बसंत राव ताटी ने कही है। श्री ताटी ने कहा है कि पेरे पुल्लैया जो कि ज़िला पंचायत उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ शिक्षा स्थायी समिति के पदेन सभापति भी हैं, बावज़ूद इसके वे अपने ही निर्वाचन क्षेत्र में लड़खड़ाती शिक्षा व्यवस्था को सुधारने मे क़ामयाब नहीं हो रहे है। श्री ताटी ने कहा कि ग्राम धनगोल में प्राथमिक शाला भवन की छत को मरम्मत के नाम पर जून महीने मे ही तोड़ा गया, लेकिन पांच माह बीत जाने के पश्चात भी इस भवन की छत का मरम्मत कार्य आज तक प्रारंभ नहीं किया गया है। ज़िला कलेक्टर ने इस शाला भवन के मरम्मत कार्य हेतु ड़ीएमएफ मद से आठ लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान करते हुए ग्राम पंचायत अंगमपल्ली को कार्य एजेंसी नियुक्ति किया है, लेकिन स्थानीय भाजपा नेताओं ने सरकार के दम पर सरपंच पर दबाव बनाते हुए उक्त मरम्मत कार्य को स्वयं अपने हाथों मे ले लिया है। इस बात से ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा का प्रयास-जन जन का विकास का नारा बुलंद करने वाले स्वयं भाजपा नेता निर्माण कार्य के नाम पर शाला भवनो की लीपापोती कर साय सरकार को चूना लगाने का काम कर रहे हैं। कोंग्रेसी नेता बसंत राव ताटी ने कहा कि उक्त शाला भवन का मरम्मत कार्य अब तक न होने से इस शाला में पढ़ने वाले बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में बैठकर पढ़ाई करने पर मज़बूर हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शाला धनगोल में 12 बलाक एवं 14 बालिकाएं कुल 26 बच्चे दर्ज हैं। इसके बावजूद इस जर्जर शाला भवन की अतिशीघ्र मरम्मत कराने की दिशा मे संबंधित विभाग कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। श्री ताटी ने कहा कि भोपालपटनम विकासखंड मे शैक्षणिक व्यवस्था सुधारने के लिए साय सरकार ने अब तक तीन खंड शिक्षा अधिकारियों का प्रभार बदलने के साथ-साथ सहायक खंड शिक्षा अधिकारी का प्रभार भी बदल दिया है। श्री ताटी का कहना है कि बीजापुर ज़िला दो-दो ज़िला शिक्षा अधिकारियों के नियंत्रण में होने के बाद भी इस ज़िले की शिक्षा व्यवस्था का लड़खडा जाना विभाग की नाकामी को दर्शाता है। पूर्व ज़िला पंचायत सदस्य श्री ताटी ने प्राथमिक शाला भवन धनगोल के मरम्मत कार्य की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *